मीरजापुर: पुल की रेलिंग पर बैठकर फोटो खिंचवाते समय गंगा नदी में गिरा युवक

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुर: पुल की रेलिंग पर बैठकर फोटो खिंचवाते समय गंगा नदी में गिरा युवक


मीरजापुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में चील्ह थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर शास्त्री पुल पर रेलिंग पर बैठकर फोटो खिंचवा रहा एक युवक संतुलन बिगड़ने से गंगा में गिर गया। घटना के बाद से वह लापता है। पुलिस एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश कर रही है।

भदोही के गोपीगंज थाना क्षेत्र के सुंदरपुर डूहिया गांव निवासी सुमित शुक्ला (28)पुत्र दिवाकर शुक्ला अपने मौसेरे भाई सक्षम पांडेय निवासी नागमालपुर, सुरियावां के साथ बाइक से विंध्याचल दर्शन के लिए जा रहे थे। दोपहर करीब 12 बजे दोनों शास्त्री पुल पर रुके। सुमित रेलिंग पर बैठ गया और सक्षम उनका फोटो खींचने लगे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से सुमित सिर के बल पुल के नीचे गंगा में जा गिरे।

गंगा में गिरने के बाद सुमित कुछ देर तक हाथ-पैर चलाते रहे। सक्षम ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई, लेकिन कुछ देर बाद सुमित पानी में डूब गए और दिखाई नहीं दिए। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजन को जानकारी दी और स्थानीय गोताखोरों तथा एसडीआरएफ टीम को बुलाकर तलाश शुरू कराई।

चील्ह थाना प्रभारी भरत उपाध्याय ने बताया कि गंगा में गिरे युवक की तलाश के लिए एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद ली जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story