अमृत सरोवर में नहाने उतरा युवक गहरे पानी में डूबा, मौत
मीरजापुर, 14 जुलाई (हि.स.)। चील्ह थाना क्षेत्र के चिंदलिख गांव स्थित अमृत सरोवर में मंगलवार दोपहर नहाने के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान राहुल सिंह (25) पुत्र राम जनम सिंह, निवासी चिंदलिख के रूप में हुई है। बताया गया कि राहुल मंगलवार को अपने चार रिश्तेदारों के साथ गांव के अमृत सरोवर पर घूमने गया था। दोपहर करीब दो बजे वह कपड़े पहने ही सरोवर में नहाने के लिए कूद गया। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
राहुल को डूबता देख साथियों ने शोर मचाया, जिस पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। काफी प्रयास के बाद उसे पानी से बाहर निकाला गया। परिजन तत्काल उसे भदोही जनपद के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चील्ह ले जाया गया, लेकिन वहां भी डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर चेतगंज पुलिस चौकी प्रभारी संजय सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मृतक के पिता राम जनम सिंह की तहरीर पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों के अनुसार अमृत सरोवर में मछली पालन होने के कारण पानी की गहराई 10 फीट से अधिक है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

