लिखनिया दरी में दोस्तों संग नहाते समय युवक डूबा, एसडीआरएफ की तलाश जारी
- बंद होने के बावजूद पर्यटन स्थल पर पहुंच रहे लोग, घंटों चला तलाश अभियान
मीरजापुर, 28 जून (हि.स.)। अहरौरा थाना क्षेत्र के लिखनिया दरी पर्यटन स्थल पर रविवार को वाराणसी से पिकनिक मनाने आए एक युवक की स्नान के दौरान डूबने से मौत की आशंका है। सूचना के अनुसार जैतपुरा थाना क्षेत्र के अलईपुर निवासी 18 वर्षीय मोहम्मद नसीर पुत्र मतिउर रहमान अपने चार दोस्तों के साथ लिखनिया दरी आया था। स्नान के दौरान वह गहरे पानी में चला गया। साथियों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन एसडीआरएफ की टीम करीब चार घंटे बाद शाम सात बजे घटनास्थल पर पहुंची। अंधेरा होने तक तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवक का पता नहीं चल सका।
स्थानीय लोगों ने बताया कि प्रशासन की ओर से रोक लगाए जाने के बावजूद लोग लिखनिया दरी पहुंच रहे हैं। इन दिनों डोंगिया जलाशय से पानी छोड़े जाने के कारण दरी में पानी का बहाव तेज है, जिससे खतरा और बढ़ गया है।
थानाध्यक्ष अजय कुमार मिश्र ने बताया कि युवक के डूबने की सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। युवक की तलाश की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

