मुर्गा पार्टी के दौरान गंगा में डूबा युवक, नौ साथी हिरासत में

WhatsApp Channel Join Now
मुर्गा पार्टी के दौरान गंगा में डूबा युवक, नौ साथी हिरासत में


- परिजन ने लगाया धारा में फेंकने का आरोप

मीरजापुर, 30 अगस्त (हि.स.)। जिगना थाना क्षेत्र के मिश्रपुर गांव के सामने शनिवार शाम गंगा नदी में संदिग्ध परिस्थितियों में डूबे 22 वर्षीय युवक अजय कुमार मांझी का रविवार देर शाम तक पता नहीं चल सका। युवक की बरामदगी न होने से परिवार में मातम पसरा है। वहीं पुलिस ने उसके साथ गए नौ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मिश्रपुर गांव निवासी राकेश मांझी ने बताया कि उनका बेटा अजय कुमार शनिवार शाम करीब छह बजे सात साथियों के साथ गंगा घाट की ओर गया था। उसने परिजन से नाव पर मुर्गा पार्टी में शामिल होने की बात कही थी। देर रात पार्टी में शामिल अन्य युवक घर लौट आए, लेकिन अजय वापस नहीं आया। परिजन ने जब साथ गए युवकों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि पार्टी के दौरान अजय गंगा में डूब गया।

रविवार सुबह से ही पुलिस और एसडीआरएफ टीम ने गंगा में युवक की तलाश शुरू की। परिजन भी घाट पर डटे रहे। शाम करीब छह बजे तक तलाश के बावजूद सफलता नहीं मिली, जिसके बाद अभियान रोक दिया गया। पुलिस ने सोमवार को फिर से तलाशी अभियान चलाने की बात कही है।

इधर, अजय के पिता और भाई सूरज मांझी ने आरोप लगाया कि साथ गए युवकों ने उसे जानबूझकर गंगा की तेज धारा में फेंक दिया। पुलिस ने सभी नौ युवकों को थाने में बैठाकर पूछताछ शुरू कर दी है। उनके परिजन भी थाने के आसपास मौजूद रहे। थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story