मछली पकड़ने गया युवक कर्णावती नदी के चेकडैम में डूबा, मौत

WhatsApp Channel Join Now
मछली पकड़ने गया युवक कर्णावती नदी के चेकडैम में डूबा, मौत


मीरजापुर, 19 जुलाई (हि.स.)। विंध्याचल थाना क्षेत्र के धौरहरा गांव के बैदपुर स्थित कर्णावती नदी के चेकडैम में रविवार दोपहर मछली पकड़ने गया एक युवक डूब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

रायमृतक गांव निवासी 23 वर्षीय अंकित पासी पुत्र रामबली रविवार करीब तीन बजे कर्णावती नदी के चेकडैम में मछली पकड़ने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही गैपुरा चौकी प्रभारी सुरेश दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से युवक को बाहर निकालकर तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विजयपुर सर्रोंई भेजा गया, जहां चिकित्सक डॉ. अविनाश कुमार ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

गैपुरा चौकी प्रभारी सुरेश दुबे ने बताया कि कर्णावती नदी के चेकडैम में डूबने से युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story