मीरजापुर : पिकनिक की खुशियां मातम में बदलीं, बोकरिया फॉल में नहाते समय गहरे पानी में डूबा युवक

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुर : पिकनिक की खुशियां मातम में बदलीं, बोकरिया फॉल में नहाते समय गहरे पानी में डूबा युवक


मीरजापुर, 29 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में बरसात के मौसम में जलप्रपातों पर उमड़ रही भीड़ के बीच शनिवार को लालगंज थाना क्षेत्र के बोकरिया फॉल में बड़ा हादसा हो गया। परिजन के साथ पिकनिक मनाने पहुंचे चंदौली के 29 वर्षीय युवक की नहाते समय गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद पिकनिक की खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं।

मृतक की पहचान अलीनगर थाना क्षेत्र के डीजल कॉलोनी निवासी रतन प्रजापति पुत्र सरोज प्रजापति के रूप में हुई। बताया गया कि रतन अपनी बहन और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बोकरिया फॉल घूमने आया था। जलप्रपात में नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसे बाहर नहीं निकाला जा सका।

घटना की जानकारी मिलते ही लहंगपुर चौकी प्रभारी गुरु प्रसाद सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रयास कर युवक के शव को पानी से बाहर निकलवाया। हादसे की खबर मिलते ही रतन के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बरसात में बोकरिया फॉल समेत जिले के पहाड़ी जलप्रपातों पर बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। पानी का बहाव तेज होने और कई स्थानों पर गहराई का अंदाजा नहीं लग पाने से हादसे का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में पर्यटकों से जलप्रपातों के गहरे हिस्सों में जाने से बचने की अपील की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story