मीरजापुर में वाहन की टक्कर से युवक की मौत, गांव में मातम
मीरजापुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के जमालपुर थाना क्षेत्र के जेके स्टेट हाइवे पर ओइनवां गांव के पास गुरुवार शाम करीब चार बजे दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान हमीदपुर निवासी रवि किशन (19) के रूप में हुई है। रवि किशन एक सप्ताह पहले खरीदी गई नई बाइक से अपने नाना पारस नाथ निवासी हडौरा के घर जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे अज्ञात चार पहिया वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही जमालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक अविवाहित था और तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में थाना प्रभारी जमालपुर राम नारायण राम ने बताया कि अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

