संदिग्ध हालात में युवक की मौत
मीरजापुर, 17 जुलाई (हि.स.)। लालगंज थाना क्षेत्र के लहंगपुर चौकी अंतर्गत बामी गांव निवासी 38 वर्षीय लालबहादुर की तबीयत बिगड़ने के बाद उपचार के दौरान मंडलीय अस्पताल में मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।
लालबहादुर गुरुवार रात अपने घर में अकेले थे। उनकी पत्नी दोनों बच्चों के साथ मायके गई थीं। देर रात पड़ोसियों ने उनके परिजनों को सूचना दी कि, लालबहादुर उल्टी करने के बाद घर में अचेत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही उनकी मां लच्ची देवी और छोटे भाई नान्हक व गणेश मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज ले जाया गया।
थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सकों ने कीटनाशक सेवन की आशंका जताते हुए उनकी हालत गंभीर बताई और बेहतर उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान शुक्रवार दोपहर उनकी मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

