मीरजापुरः अलग-अलग हादसों में युवक की मौत, सात घायल

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुरः अलग-अलग हादसों में युवक की मौत, सात घायल


- बाइक अनियंत्रित होने से गई जान, तीन घायलों की हालत गंभीर; ट्रामा सेंटर सोनभद्र रेफर

मीरजापुर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। राजगढ़ थाना क्षेत्र में बुधवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) राजगढ़ में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें ट्रामा सेंटर सोनभद्र रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पहली घटना मीरजापुर-सोनभद्र मार्ग पर नदीहार बाजार के पास हुई। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के गढ़वा थाना क्षेत्र के बड़गड़ा नौडिहा गांव निवासी 35 वर्षीय नंदन वैश्य और सोनभद्र जिले के कुरछा गांव निवासी 26 वर्षीय राजेश विश्वकर्मा एक बाइक से वाराणसी जा रहे थे। नदीहार बाजार के पास बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। ग्रामीणों ने दोनों को ऑटो से सीएचसी राजगढ़ पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने नंदन वैश्य को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।

दूसरी घटना में सोनभद्र के करमा थाना क्षेत्र के बिसहार गांव निवासी 24 वर्षीय राजबली और 16 वर्षीय अश्वनी कुड़ी गांव के पास बाइक से गिरकर घायल हो गए। तीसरी घटना में चुनार क्षेत्र के खुटहा निवासी 32 वर्षीय वीरेंद्र और 29 वर्षीय उर्मिला मंगलवार को सोनभद्र से बाइक से घर लौट रहे थे। इंदिरा नगर गांव के पास अचानक बाइक के सामने पशु आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बाइक गिर गई और दोनों घायल हो गए।

इसके अलावा राजगढ़ थाना क्षेत्र के सेमरी सरसो गांव निवासी 25 वर्षीय दीपक की बाइक में ट्रैक्टर ने साइड से टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर घायल हो गया। वहीं, पतेरी गांव निवासी 32 वर्षीय महेंद्र अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हो गए। वह बघौड़ा गांव के पास सड़क किनारे बेहोशी की हालत में पड़े मिले।

सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से सभी घायलों को सीएचसी राजगढ़ पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उपचार के बाद महेंद्र, उर्मिला और वीरेंद्र की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें ट्रामा सेंटर सोनभद्र रेफर कर दिया। राजगढ़ थाना प्रभारी बालमुकुंद मिश्र ने बताया कि सड़क हादसे में एक युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायलों का उपचार कराया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764437 Articles

Share this story