जन्मदिन समारोह में शामिल होने आए युवक की संदिग्ध हालात में मौत

WhatsApp Channel Join Now
जन्मदिन समारोह में शामिल होने आए युवक की संदिग्ध हालात में मौत


औरैया, 24 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अछल्दा थाना क्षेत्र स्थित गांव गांसीपुर में रिश्तेदारी में आए 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मंगलवार सुबह परिजनों ने उसे छत पर बने बरामदे में मृत अवस्था में पड़ा देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से जानकारी जुटाई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।

बिधूना कोतवाली क्षेत्र के नौगवां गांव निवासी पवन कुमार (25) सोमवार शाम गांसीपुर गांव निवासी अपने रिश्तेदार अमित कुमार की बेटी के जन्मदिन समारोह में शामिल होने आए थे। परिवार में जन्मदिन की खुशियां मनाई जा रही थीं। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद पवन छत पर बने बरामदे में सोने चले गए।

मंगलवार सुबह जब परिजन छत पर पहुंचे तो पवन मृत अवस्था में पड़े मिले। यह देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना पर थानाध्यक्ष जीतमल चौधरी, उपनिरीक्षक जयप्रकाश और उपनिरीक्षक राशिद खान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल की और परिजनों से पूछताछ की। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782263 Articles

Share this story