पिकअप की टक्कर से युवक की मौत, चालक फरार
मीरजापुर, 19 अगस्त (हि.स.)। चुनार कोतवाली क्षेत्र के कनवहीं भेड़ी गांव निवासी युवक की बुधवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई। जौगढ़ से घर लौटते समय कूबा मोड़ के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक पिकअप लेकर मौके से फरार हो गया।
कनवहीं भेड़ी गांव निवासी शिवपाल बुधवार रात जौगढ़ से अपने घर लौट रहे थे। वह जैसे ही कूबा मोड़ के पास पहुंचे, सामने से आ रही पिकअप ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि शिवपाल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही मामले की जांच में जुटी है। थाना प्रभारी ने बताया कि चालक और पिकअप की तलाश की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

