ट्रैक्टर से गिरकर युवक की मौत, चालक वाहन लेकर मौके से फरार

WhatsApp Channel Join Now
ट्रैक्टर से गिरकर युवक की मौत, चालक वाहन लेकर मौके से फरार


मीरजापुर, 12 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में हलिया थाना क्षेत्र के मतवार गांव में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर से गिरकर 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया।

मतवार गांव निवासी शुभम गिरी (22) पुत्र लवलेश गिरी गांव के पास मिट्टी ढुलाई कर रहे एक ट्रैक्टर पर बैठकर जा रहा था। बताया जाता है कि घर से लगभग 500 मीटर की दूरी पर अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रैक्टर से नीचे सड़क पर गिर पड़ा। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। इसी दौरान चालक भीड़ का फायदा उठाकर ट्रैक्टर समेत वहां से फरार हो गया। परिजन घायल युवक को तत्काल एक निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। सूचना पर पहुंची हलिया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि ट्रैक्टर की चपेट में आने अथवा उससे गिरने के कारण युवक की मृत्यु हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजन की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story