आलू के बोरे के नीचे दबने से युवक की मौत, पिता की तेरहवीं के दिन पसरा मातम
औरैया, 18 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में फफूंद थाना क्षेत्र के ग्राम खजुआ गढ़िया में शनिवार को दर्दनाक हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। साइकिल से आलू के बोरे घर लाते समय साइकिल फिसल गई, जिससे बोरे युवक के ऊपर गिर पड़े। गंभीर रूप से घायल युवक ने कानपुर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों के अनुसार, खजुआ गढ़िया निवासी सुधीर कुमार के पिता लालजी की तेरहवीं का कार्यक्रम शनिवार को था। कार्यक्रम के लिए वह बाजार से साइकिल पर आलू के दो बोरे लेकर घर लौट रहा था। घर के पास पहुंचते ही अचानक साइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई। संतुलन बिगड़ने से साइकिल पर लदे दोनों बोरे उसके ऊपर गिर पड़े, जिससे उसकी रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने घायल सुधीर को तत्काल चिचोली अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया। परिजन उसे इलाज के लिए कानपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पिता की तेरहवीं के दिन हुई इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

