मीरजापुर: इंजेक्शन लगने के बाद युवक की मौत, परिजन ने जताई आशंका

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुर: इंजेक्शन लगने के बाद युवक की मौत, परिजन ने जताई आशंका


मीरजापुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में लालगंज थाना क्षेत्र के लहंगपुर पुलिस चौकी अंतर्गत तेंदुआ कला गांव निवासी उमाशंकर (41) की गुरुवार को तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। परिजनों ने गांव के एक निजी चिकित्सक के यहां उपचार के दौरान इंजेक्शन लगाए जाने के बाद उनकी हालत बिगड़ने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है।

परिजन के अनुसार, तबीयत खराब होने पर उमाशंकर को गांव के एक निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया था। उपचार के दौरान इंजेक्शन लगाए जाने के बाद उनकी हालत बिगड़ गई। गंभीर स्थिति में चिकित्सक ने उन्हें मीरजापुर ले जाने की सलाह दी। परिजन उन्हें लेकर मीरजापुर जा रहे थे, तभी रास्ते में उनकी मौत हो गई।

इसके बाद परिजन शव लेकर लहंगपुर चौकी पहुंचे और पोस्टमार्टम कराने की मांग की। मृतक की पत्नी मुघुना देवी ने पुलिस को तहरीर देकर मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। तहरीर में उन्होंने उपचार के दौरान इंजेक्शन लगाए जाने के बाद उमाशंकर की हालत बिगड़ने की बात कही है।

थानाध्यक्ष वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि तहरीर मिली है और मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया कराई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story