400 केवी टावर पर चढ़ा युवक, एक घंटे तक हलक में अटकी रहीं ग्रामीणों की सांसें

WhatsApp Channel Join Now
400 केवी टावर पर चढ़ा युवक, एक घंटे तक हलक में अटकी रहीं ग्रामीणों की सांसें


- करंट प्रवाहित तार से महज दस फीट दूर पहुंचा, पुलिस और ग्रामीणों ने समझाकर सुरक्षित उतारा

मीरजापुर, 19 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के मड़िहान थाना क्षेत्र के रजौहा गांव में सोमवार शाम पारिवारिक कलह से क्षुब्ध एक युवक हाईटेंशन ट्रांसमिशन लाइन के टावर पर चढ़ गया। वह करीब 400 केवी की विद्युत लाइन के प्रवाहित तार से महज दस फीट की दूरी तक पहुंच गया। युवक को टावर पर चढ़ा देख ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पीआरवी और मड़िहान पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा।

गांव निवासी रामदेव का 20 वर्षीय पुत्र साहुल सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे घर से लगभग 400 मीटर दूर सिवान में स्थित ट्रांसमिशन टावर पर चढ़ गया। वह करंट प्रवाहित तार पकड़ने की कोशिश करने लगा। उस समय खेत में घास काट रहीं महिलाओं की नजर उस पर पड़ी। उन्होंने पहले उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब वह नहीं माना तो एक महिला ने गांव पहुंचकर लोगों को सूचना दी। इसके बाद पिता रामदेव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

बेटे को खतरे में देख पिता बदहवास होकर रोने लगे। नीचे मौजूद ग्रामीण और पुलिसकर्मी भी हाईवोल्टेज तारों की आवाज से सहमे रहे।

पुलिस ने युवक से बातचीत कर उसे नीचे उतरने के लिए समझाया। इस दौरान युवक अपनी बात मनवाने के लिए पिता से स्टाम्प पेपर पर लिखकर देने की जिद करने लगा। पिता द्वारा सादे कागज पर उसकी बात मानने का लिखित आश्वासन देने के बाद और पुलिस व ग्रामीणों के लगातार समझाने पर वह नीचे उतर आया।

ग्रामीणों के मुताबिक, साहुल की मां हीरावती देवी की तीन साल पहले गंभीर बीमारी से मौत हो गई थी। उसका बड़ा भाई राहुल एक महीने पहले कमाने के लिए चेन्नई गया है, जबकि चार बहनों की शादी हो चुकी है। घर पर पिता रामदेव और बड़ी भाभी दुर्गावती देवी रहती हैं। बताया गया कि दो दिन पहले साहुल ने पिता से रुपये मांगे थे। रुपये नहीं मिलने से नाराज होकर उसने दो दिनों से खाना-पानी छोड़ रखा था। युवक के नीचे उतरने के बाद मड़िहान पुलिस उसे अपने साथ थाने ले गई। क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन मोहम्मद फहीम कुरैशी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस बल को मौके पर भेजा गया था। युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763674 Articles

Share this story