बेटे के साथ वीडियो बनाने के बाद युवक ने की आत्महत्या, पत्नी व ससुराल वालों पर लगाए गंभीर आरोप
जौनपुर,11 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के हनुमान घाट मोहल्ले में एक युवक की मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। युवक ने कथित तौर पर विषाक्त पदार्थ का सेवन करने से पहले अपने आठ वर्षीय बेटे के साथ एक वीडियो बनाया था। पत्नी को संदेश भी भेजा था। मौत के बाद सामने आए वीडियो और संदेश अब पुलिस जांच का महत्वपूर्ण आधार बन गए हैं।
मृतक की पहचान वासु सेठ के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, बुधवार देर रात उसने जहरीला पदार्थ खा लिया था। गुरुवार सुबह जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। इस दौरान उसके बेटे ने बताया कि पिता कमरे में बेहोश पड़े हैं। किसी तरह दरवाजा खुलवाकर परिजन अंदर पहुंचे तो वासु अचेत अवस्था में मिला। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक द्वारा बनाए गए दो वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बने हुए हैं। एक वीडियो में वह अपने आठ वर्षीय बेटे के साथ दिखाई दे रहा है। दूसरे वीडियो में उसने अपनी पत्नी, सास और साली पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। वीडियो में उसने दावा किया कि वह लंबे समय से परेशान था। इसी कारण यह कदम उठा रहा है।
जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच काफी समय से अलग रहने को लेकर विवाद चल रहा था। आसपास के लोगों का कहना है कि पत्नी पूजा अपने पति से परिवार से अलग रहने की बात कहती थी, जबकि वासु अपने माता-पिता के साथ ही रहना चाहता था। इसी विवाद के चलते पूजा पिछले करीब एक महीने से मायके में रह रही थी। दोनों की शादी आठ वर्ष पूर्व हुई थी और उनके तीन बच्चे हैं।
वहीं पत्नी पूजा ने मृतक द्वारा लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है। उसका कहना है कि वह अपने पति के साथ रहना चाहती थी लेकिन वह कोई नियमित काम नहीं करते थे। परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी को लेकर वह उन्हें रोजगार करने के लिए प्रेरित करती थी। पूजा ने कहा कि वीडियो में लगाए गए आरोप वास्तविकता से परे हैं।घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने बताया कि मृतक के वीडियो, मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। ताकि मौत के कारणों और उससे जुड़े तथ्यों का स्पष्ट पता लगाया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

