युवक की मौत पर परिजनों का चक्का जाम, हत्या का आरोप लगा कार्रवाई की मांग

WhatsApp Channel Join Now
युवक की मौत पर परिजनों का चक्का जाम, हत्या का आरोप लगा कार्रवाई की मांग


मीरजापुर, 20 जुलाई (हि.स.)। विंध्याचल थाना क्षेत्र में नई वीआईपी द्वार संख्या-2 के सामने मीरजापुर-विंध्याचल मुख्य मार्ग पर सोमवार रात युवक की मौत के बाद परिजनों ने शव रखकर चक्का जाम कर दिया। परिजनों ने स्थानीय कारोबारी पर हत्या का आरोप लगाते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की। देर रात तक पुलिस परिजनों को समझाने में जुटी रही।

बंगाली चौराहा निवासी 20 वर्षीय शिवमोहन पुत्र शिवकुमार 12 जुलाई को अपने घर के पास रहने वाले एक स्थानीय कारोबारी के साथ महुआरी कला स्थित सेवालाल घाट जलप्रपात पर पिकनिक मनाने गया था। परिजनों का आरोप है कि लौटते समय शिवमोहन संदिग्ध परिस्थितियों में घायल अवस्था में सड़क किनारे मिला। पहले उसका इलाज मंडलीय अस्पताल में कराया गया, बाद में गंभीर हालत में वाराणसी रेफर किया गया, जहां सोमवार दोपहर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक के पिता शिवकुमार ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या की गई है। उनका कहना है कि जिस कारोबारी के साथ शिवमोहन पिकनिक पर गया था, उसी ने घटना को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि एक सप्ताह पहले भी पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। परिजन आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था और पुलिस अधिकारियों द्वारा वार्ता की जा रही थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story