मीरजापुर में योगी का आत्मविश्वास भरा अंदाज... सेट कर गए 2027 का गेम प्लान
- हिन्दुत्व की छवि के साथ विस चुनाव 2027 के लिए मजबूत आधार तैयार कर गए योगी
- दमदार चाल, निर्णायक इशारा... कमांड मोड में दिखे योगी आदित्यनाथ
- जनता की टटोली नब्ज, बहुत कुछ कह गई मुख्यमंत्री की ‘बॉडी लैंग्वेज’
मीरजापुर, 17 मार्च (हि.स.)। विंध्य धरा पर कदम रखते ही भक्ति-शक्ति से लबरेज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अंदाज बता रहा था कि यह सिर्फ दौरा नहीं, बल्कि दिशा तय करने का क्षण है। तेज चाल, हाथ के इशारों से आदेश और साथ चलती सख्त सुरक्षा- योगी आदित्यनाथ का यह ‘कमांडिंग स्टाइल’ अब चर्चा का केंद्र बन गया है।
मुख्यमंत्री योगी हेलीकॉप्टर से जब मैदान में उतरे तो उनका अंदाज पूरी तरह प्रशासनिक एक्शन मोड में दिखा। एक हाथ से इशारा, तेज कदमों से आगे बढ़ते हुए और पीछे पूरा प्रशासन सतर्क मुद्रा में था। चैत्र नवरात्र मेले की तैयारियों का निरीक्षण हो या विंध्याचल धाम में व्यवस्थाओं की समीक्षा। हर जगह उनका फोकस था यानी कोई चूक नहीं, कोई ढिलाई नहीं।
राजनीतिक नजरिए से देखें तो उनकी ‘बॉडी लैंग्वेज’ भी बहुत कुछ कह रही थी। 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री योगी का यह सक्रिय और नियंत्रण में दिखता व्यक्तित्व, जनता और कार्यकर्ताओं दोनों को स्पष्ट संकेत है कि नेतृत्व तैयार है, रणनीति चल रही है और फोकस पूरी तरह मैदान पर है।
ग्राउंड कनेक्ट, हिन्दुत्व और सुशासन की त्रिस्तरीय रणनीति
योगी का दौरा 2027 के चुनावी खाके से जोड़कर देखा जा रहा है। पूरे कार्यक्रम के दौरान योगी ने जनता की नब्ज भी टटोली। इस पूरे दौरे में तीन बड़े बिंदु साफ उभरकर सामने आए- आस्था, सुशासन और विकास। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, योगी आदित्यनाथ का यह दौरा ग्राउंड कनेक्ट, हिन्दुत्व और सुशासन की त्रिस्तरीय रणनीति का हिस्सा है। विंध्य क्षेत्र, जो पूर्वांचल की राजनीति में अहम भूमिका निभाता है, वहां से यह संदेश देना कि सरकार सक्रिय भी है और संवेदनशील भी। यह 2027 के लिए मजबूत आधार तैयार करने जैसा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मीरजापुर से लौटे नहीं, बल्कि चुनावी रणनीति 2027 की एक मजबूत नींव रखकर गए हैं।
जनभावनाओं से सीधा जुड़ाव
मीरजापुर दौरे के दौरान जब योगी आदित्यनाथ ने हाथ उठाकर लोगों का अभिवादन किया तो यह सिर्फ एक औपचारिक इशारा नहीं था, बल्कि जनता से सीधे जुड़ने का मजबूत संदेश भी था। निरीक्षण के दौरान उनका आत्मविश्वास भरा अंदाज तो दिखा ही, लेकिन सबसे खास रहा उनका जनता की ओर हाथ उठाकर किया गया अभिवादन। तेज चाल के बीच रुककर या चलते-चलते लोगों की ओर हाथ हिलाना यह दर्शाता है कि वे न सिर्फ प्रशासनिक स्तर पर सक्रिय हैं, बल्कि जनभावनाओं से भी सीधा जुड़ाव बनाए रखना चाहते हैं।
निर्णायक भूमिका निभाएगा धार्मिक आस्था के केंद्रों से भावनात्मक जुड़ाव
राजनीतिक विश्लेषक योगी आदित्यनाथ का यह दौरा स्ट्रॉन्ग हिंदुत्व की रणनीति का हिस्सा मानते हैं। विकास, सुशासन और धार्मिक आस्था के केंद्र विंध्याचल धाम जैसे प्रमुख शक्तिपीठ से भावनात्मक जुड़ाव 2027 के चुनावी समीकरण में निर्णायक भूमिका निभाएगा। मुख्यमंत्री योगी का यही अंदाज 2027 की राह को भी दिशा दे गया।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

