बीते नौ साल से यूपी में तेज गति से हो रहा दलितों का सामाजिक सशक्तीकरण : डा. निर्मल

WhatsApp Channel Join Now
बीते नौ साल से यूपी में तेज गति से हो रहा दलितों का सामाजिक सशक्तीकरण : डा. निर्मल


लखनऊ, 21 जून (हि.स.)। उ.प्र. अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम के पूर्व चेयरमैन एवं सदस्य विधान परिषद डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल ने कहा कि 2017 में योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के साथ ही दलितों के विकास का स्वर्णिम काल शुरू हो गया है। बीते नौ साल से यूपी में दलितों का सामाजिक, सांस्कृतिक, आर्थिक एवं राजनीतिक सशक्तीकरण तेज गति से हो रहा है। डॉ. निर्मल रविवार को अखिल भारतीय स्वच्छकार समाज महासंघ तथा सामाजिक सरोकार फाउन्डेशन द्वारा आयोजित चिन्तन गोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में विचार व्यक्त कर रहे थे।

उद्यान भवन के सभागार में आयोजित इस गोष्ठी में डॉ. निर्मल ने कहा कि योगी सरकार दलितों के हित में योजनाएं बनाने के क्रम में कुछ और बड़े फैसले ले सकती है। उन्होंने कहा कि सफाईकर्मियों को लेकर ठेकेदारी व्यवस्था और उनकी आय बढ़ाने पर योगी सरकार गंभीरता से विचार कर रही है। इसके अलावा योगी सरकार ने डॉ. आंबेडकर के चित्र सभी सरकारी कार्यालयों में लगवाने के अलावा उनकी और महर्षि वाल्मीकि की मूर्तियों के ऊपर छतरी, आसपास बाउण्ड्रीवाल तथा उस स्थान का सौन्दर्यीकरण करने के लिए बजट व्यवस्था की है। स्टैन्डअप इन्डिया योजना तथा अन्य योजनाओं के माध्यम से दलितों का तेजी के साथ आर्थिक सशक्तीकरण किया जा रहा है।

डा० निर्मल ने कहा कि हाथ से मैला उठाने की प्रथा को पूरी तरह समाप्त करने के लिए घर-घर शौचालय योजना चलाई गई। इसके अलावा सीवर की सफाई के दौरान स्वच्छताकर्मी के सुरक्षा के लिए भी योगी सरकार ने कड़े कदम उठाए हैं। विधान परिषद और राज्यसभा में आरक्षण का प्राविधान न होने के बावजूद मोदी-योगी सरकार दलितों को इन सदनों में भेज रही है। इन्हीं कल्याणकारी नीतियों के कारण योगी सरकार ने दलितों के लिए स्वर्णिम काल ला दिया है।

इस गोष्ठी की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार संतोष वाल्मीकि ने की। इस अवसर पर अमेरिका के आए वैज्ञानिक बच्चू लाल वाल्मीकि, मुन्ना सिंह धानु, पी.एल. भारती, राहुल वाल्मीकि, चंदन लाल वाल्मीकि, पूनम मलिक, रचना चन्द्रा, प्यारे लाल वाल्मीकि, दिनेश लाल वाल्मीकि, नरेश वाल्मीकि आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story