योगी मंत्रिमंडल की बैठक में 23 प्रस्तावों को मंजूरी, मथुरा में बनेगा इथेनॉल प्लांट,पीआरडी जवानाें के मानदेय में की गयी वृद्धि

WhatsApp Channel Join Now
योगी मंत्रिमंडल की बैठक में 23 प्रस्तावों को मंजूरी, मथुरा में बनेगा इथेनॉल प्लांट,पीआरडी जवानाें के मानदेय में की गयी वृद्धि


लखनऊ, 15 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें लगभग 23 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गयी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में जिन महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गयी है, उनमें मथुरा के छाता में 200 करोड़ रुपये की लागत से इथेनॉल प्लांट का निर्माण, लगभग 27 हजार पीआरडी जवानाें का मानदेय बढ़ाकर 600 रुपये करने, व कैशलेस सुविधा देने का फैसला लिया गया है। इसके साथ ही परिवहन विभाग में प्रवर्तन सिपाही भर्ती में अग्निवीर वाले आवेदकाें को सात साल आयु में छूट व 20 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा। खिलौना नीति को मंजूरी, लगभग 14 हजार परिषदीय स्कूलाें काे आईसीटी लैब बनाकर स्मार्ट बनाने, किरायेनामा के एग्रीमेंट में लगने वाली स्टांप ड्यूटी में कमी तथा प्रदेश के दाे जिलाें में नए तीन बस स्टेंड बनाना शामिल है।

मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक के बाद प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने मंत्रियाें के साथ प्रेस कांफ्रेंस कर जानकारी दी। उन्हाेंने बताया कि बैठक में कुल 23 प्रस्तावाें काे मंजूरी दी गयी है।उन्होंने बताया कि प्रदेश के लगभग 27 हजार पीआरडी जवानों को दैनिक ड्यूटी भत्ता बढा दिया गया है साथ ही स्वयंसेवकों और उनके आश्रित परिवार के सदस्यों को कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने को मंजूरी दी है। उन्होंने बताया कि पीआरडी जवानों के मानदेय में भाजपा सरकार लगातार वृद्धि कर रही है। कैबिनेट ने शहरी विकास से जुड़े कई प्रस्तावाें काे भी मंजूरी दी गयी है।

अलीगढ़ में खुलेगी साईं ग्लोबल यूनिवर्सिटी

प्रेस कांफ्रेंस में उच्च शिक्षामंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि अलीगढ़ जिले में साईं ग्लोबल यूनिवर्सिटी की स्थापना के लिए संस्था ओम साईं को एलओआई दिया गया है। संबंधित संस्थान की ओर से आवश्यक मानकों को पूरा करने के बाद सरकार की ओर से अनुमति दी गई है। विश्वविद्यालय काे दाे वर्षों में शुरू करने के लिए सभी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए कहा गया है।

मथुरा के छाता में 200 करोड़ से बनेगा इथेनॉल प्लांट

कैबिनेट बैठक में मथुरा के छाता में इथेनॉल प्लांट स्थापित करने को मंजूरी दी है। इस पर लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसके बनाने के लिए पिछले 19 साल से बंद पड़ी सुगर मिल के परिसर का उपयाेग किया जाएगा। इस प्लांट में गन्ने के साथ मक्का और धान से इथेनॉल तैयार किया जाएगा। प्रदेश के गन्ना मंत्री लक्ष्मी नारायण चाैधरी ने बचाया कि इस प्लांट की सालाना उत्पादन क्षमता 3.96 करोड़ लीटर होगी। यह एक्सटेंशन प्लांट के रूप में विकसित किया जाएगा और साल में करीब 11 महीने संचालित होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह

Share this story