योग दिवस की पूर्व संध्या पर आरटीसी किला मैदान में जुटे योग साधक
मीरजापुर, 20 जून (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार को ऐतिहासिक आरटीसी किला परेड ग्राउंड, चुनार में आयोजित निःशुल्क योग शिविर में नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रातःकालीन सत्र में बड़ी संख्या में लोगों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
पतंजलि योग समिति के तहसील प्रभारी योगी राम ध्यान आर्य ने योग प्रोटोकॉल के तहत जॉगिंग, सूक्ष्म व्यायाम, सूर्य नमस्कार, दंड-बैठक, प्राणायाम एवं विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि संतुलित, स्वस्थ और अनुशासित जीवन जीने की संपूर्ण पद्धति है।
उन्होंने हल्दी, अदरक, तुलसी, काली मिर्च और दालचीनी जैसे घरेलू मसालों एवं औषधीय पौधों के स्वास्थ्यवर्धक गुणों की भी जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन अनिल गुप्ता ने किया।
शिविर में पंकज सिंह, कमलाकर गुप्ता, दीनानाथ गुप्ता, अवधेश वर्मा, शिवपूजन साहू, माखन लाल, अशोक कुमार गुप्ता, दिनेश यादव, संतोष यादव, अमरनाथ यादव, विनय सेठ, आनंद सेठ, मंगला सिंह, महेंद्र वर्मा और चंद्रशेखर पांडेय सहित बड़ी संख्या में योग साधक मौजूद रहे। अंत में 21 जून को आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य समारोह में अधिक से अधिक लोगों से भाग लेने का आह्वान किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

