पीएसी व होमगार्ड जवानों ने किया योग और राजयोग ध्यान का अभ्यास
मीरजापुर, 20 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित योग सप्ताह के अंतर्गत शनिवार को प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से 39वीं वाहिनी पीएसी एवं क्षेत्रीय होमगार्ड कार्यालय में योग एवं राजयोग ध्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 200 जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया।
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं योग प्रशिक्षक बीके वीरेंद्र सिंह मरकाम ने जवानों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की जानकारी देते हुए नियमित योगाभ्यास को स्वस्थ जीवन के लिए आवश्यक बताया।
वहीं ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र की प्रभारी बीके बिंदु बहन ने राजयोग ध्यान का अभ्यास कराते हुए आंतरिक शांति, आत्मबल और सकारात्मक सोच के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योग और ध्यान व्यक्ति को तनावमुक्त एवं संतुलित जीवन जीने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम में होमगार्ड के जिला कमांडेंट विंध्याचल पाठक सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों और जवानों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए योग और ध्यान को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर योग प्रशिक्षक बीके दिव्या बहन, बीके दिव्यानी बहन, बीके शिवानी, बीके निशी और बीके किशन भी मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल बना रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

