वाराणसी : यातायात माह में सामाजिक संस्था ने चलाया जागरूकता अभियान, बिना हेलमेट बाइक सवारों को किया जागरूक
—तिलक लगाकर हेलमेट पहनने की अपील, कुछ दोपहिया चालकों को निःशुल्क हेलमेट भी बांटे
वाराणसी, 18 नवंबर (हि.स.)। यातायात माह के तहत बुधवार को उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में सामाजिक संस्था ‘सुबह-ए-बनारस’ की ओर से मैदागिन चौराहे पर यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान संस्था के कार्यकर्ताओं ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर सिंह के साथ मिलकर बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले लोगों को रोककर उन्हें यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट पहुंचे दोपहिया वाहन चालकों के मस्तक पर तिलक लगाकर उन्हें हेलमेट पहनकर ही घर से निकलने का संकल्प दिलाया गया। साथ ही संस्था की ओर से कुछ जरूरतमंद बाइक सवारों को निःशुल्क हेलमेट भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर सिंह ने कहा कि हेलमेट पहनना केवल यातायात चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपने जीवन की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण अक्सर लोगों की जान चली जाती है। ऐसे में हेलमेट जीवन रक्षक की भूमिका निभाता है और दुर्घटना के दौरान सिर को गंभीर चोट से बचाने में मदद करता है।
उन्होंने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा इस बात का ध्यान रखें कि घर पर माता-पिता, पत्नी और बच्चे उनके सकुशल लौटने का इंतजार कर रहे हैं। इसलिए थोड़ी सी लापरवाही के कारण अपनी और अपने परिवार की खुशियों को खतरे में न डालें। उन्होंने सभी से हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यात्रा करने की अपील की। जागरूकता अभियान में संस्था के अध्यक्ष मुकेश जायसवाल, उपाध्यक्ष राजेश सोनी, कोषाध्यक्ष नंदकुमार टोपी वाले, ललित गुजराती, बी.डी. टकसाली सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

