‘यादव जी की लव स्टोरी’ फ़िल्म पर रोक लगाए जाने की मांग, निर्देशक का फूंका पुतला

WhatsApp Channel Join Now
‘यादव जी की लव स्टोरी’ फ़िल्म पर रोक लगाए जाने की मांग, निर्देशक का फूंका पुतला


शाहजहांपुर, 23 फरवरी। उत्तर प्रदेश के जनपद शाहजहांपुर में सोमवार को भारतीय किसान मजदूर यूनियन राष्ट्रवादी के कार्यकर्ताओं ने ‘यादव जी की लव स्टोरी’ फ़िल्म पर रोक लगाए जाने की मांग की। फ़िल्म के निर्देशक का पुतला दहन किया और मुख्यमंत्री व जिलाधिकारी को सम्बोधित ज्ञापन कांट थाना प्रभारी को सौंपा।

जिलाध्यक्ष दिनेश यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ता कांट कोतवाली के पास एकत्रित हुए और ‘यादव जी की लव स्टोरी’ फ़िल्म के निर्देशक का पुतला दहन किया। जिलाध्यक्ष दिनेश ने बताया कि ‘यादव जी की लव स्टोरी’ फ़िल्म 27 फरवरी को रिलीज़ होने वाली है। इस फ़िल्म में यादव समाज की महिलाओं के सम्मान के साथ साथ हिन्दू समाज की सभी महिलाओं की छवि धूमिल की गई है। इस फ़िल्म के रिलीज होने से देश में भाईचारे की भावना पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा और राष्ट्रीय सम्प्रभुता , एकता व अखंडता भी प्रभावित हो सकती है। कार्यकर्ताओं ने फ़िल्म के रिलीज़ होने पर रोक लगाने तथा ‘यादव जी की लव स्टोरी’ फ़िल्म के निर्देशक व अन्य लोगों के विरुद्ध कार्यवाही करने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी को सम्बोधित ज्ञापन कांट प्रभारी निरीक्षक राकेश मौर्या को सौंपा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमित कुमार शर्मा

Share this story