कुश्ती संघ के अध्यक्ष ने विंध्य दरबार में नवाया शीश, मांगा आशीष

WhatsApp Channel Join Now
कुश्ती संघ के अध्यक्ष ने विंध्य दरबार में नवाया शीश, मांगा आशीष


- मां विंध्यवासिनी का दर्शन कर देश के तरक्की की कामना की

- संजय बबलू बोले, विंध्यधाम की दिव्यता में मिलती है आत्मिक ऊर्जा

मीरजापुर, 25 मार्च (हि.स.)। चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर मां विंध्यवासिनी धाम में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। भारतीय कुश्ती संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय बबलू ने बुधवार को धाम पहुंचकर विधि-विधान से मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन किए और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि व उन्नति की कामना की।

मंदिर परिसर में पहुंचते ही उनका पारंपरिक रूप से स्वागत किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। इस दौरान उनके साथ पं. दिवाकर मिश्र एवं अजीत कुमार भी उपस्थित रहे, जिन्होंने पूजा-विधि में सहभागिता निभाई।

नवरात्र के चलते धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई है। दूर-दराज से आए भक्तों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और दर्शन की सुचारु व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए।

दर्शन-पूजन के पश्चात संजय बबलू ने मां विंध्यवासिनी के प्रति अपनी गहरी आस्था व्यक्त करते हुए कहा कि धाम में आकर आत्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है। उन्होंने देशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए नवरात्र पर्व की शुभकामनाएं भी दीं। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। जयकारों और भक्ति गीतों से गूंजते धाम में श्रद्धालु मां के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त करते नजर आए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story