विश्व पर्यावरण दिवस पर मेडिकल कॉलेज परिसर में हुआ पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

WhatsApp Channel Join Now
विश्व पर्यावरण दिवस पर मेडिकल कॉलेज परिसर में हुआ पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश


मीरजापुर, 05 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को मां विंध्यवासिनी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, मझवा विधायक सुचिस्मिता मौर्य, छानबे विधायक रिकी कोल, मंडलायुक्त राजेश प्रकाश तथा जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने पौधरोपण किया। इसके उपरांत सभागार में आयोजित संगोष्ठी में पर्यावरण संरक्षण एवं उसके महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में एक पेड़ मां के नाम अभियान को सफल बनाने पर विशेष बल दिया गया।

नगर विधायक रत्नाकर मिश्र ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी का अभियान है। प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा। एक पेड़ मां के नाम अभियान हमारी संस्कृति, मातृत्व सम्मान और प्रकृति संरक्षण का सुंदर संगम है।

मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण वैश्विक आवश्यकता बन चुका है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। हमें केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि हर नागरिक को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) राकेश कुमार, मां विंध्यवासिनी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डा. संजीव कुमार सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story