कानपुर में न्यूनतम वेतन और ओवरटाइम भुगतान की मांग को लेकर श्रमिकों का प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
कानपुर में न्यूनतम वेतन और ओवरटाइम भुगतान की मांग को लेकर श्रमिकों का प्रदर्शन


कानपुर, 01 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के दादानगर औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार को श्रमिकों ने वेतन वृद्धि, न्यूनतम मजदूरी और श्रम कानूनों के पालन की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में महिला श्रमिकों समेत कर्मचारियों ने फैक्ट्री परिसर के बाहर धरना देकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।

प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों का आरोप था कि उन्हें सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन नहीं दिया जा रहा है। साथ ही निर्धारित समय से अधिक काम लेने के बावजूद ओवरटाइम का भुगतान भी नहीं किया जाता। श्रमिकों का कहना था कि वर्षों से काम करने के बावजूद उनकी आर्थिक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है और श्रम कानूनों के कई प्रावधानों का पालन नहीं किया जा रहा है।

सूचना मिलने पर गोविंद नगर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनीं और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। बाद में श्रम विभाग के अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर कर्मचारियों से वार्ता की।

श्रमिकों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन अधिकारियों को सौंपते हुए न्यूनतम वेतन, ओवरटाइम भुगतान, बोनस और अन्य श्रमिक सुविधाएं सुनिश्चित कराने की मांग उठाई। प्रदर्शन में शामिल श्रमिक प्रतिनिधियों ने बताया कि कई कर्मचारी वर्षों से कार्यरत हैं, लेकिन उन्हें निर्धारित मानकों के अनुरूप सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन जारी रहेगा। वहीं अधिकारियों ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई और उचित समाधान का आश्वासन दिया है। वहीं पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि प्रदर्शनकारियों की समस्याओं को लेकर जल्द ही फैक्ट्री मालिकों को अवगत कराकर उन्हें उनका अधिकार दिलाया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story