औरैया : महिला मतदाताओं को जागरूक करने के लिए आयोजित हुआ विशेष कार्यक्रम
-महिला मतदाताओं को जागरूक करने के लिए आयोजित हुआ विशेष कार्यक्रम, डीएम ने मतदान की अपील की
औरैया, 04 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत मतदाता जागरूकता अभियान (स्वीप) के अंतर्गत बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में महिला मतदाताओं के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में महिलाओं को मतदान के महत्व और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मत का महत्वपूर्ण योगदान है। मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने महिलाओं से स्वयं मतदान करने के साथ ही परिवार, आस-पड़ोस और समाज की अन्य महिलाओं को भी मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज होना मतदान की पहली और महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। सभी पात्र महिलाएं यह सुनिश्चित करें कि उनका नाम संबंधित विधानसभा क्षेत्र की निर्वाचक नामावली में दर्ज हो। यदि किसी महिला का नाम सूची में शामिल नहीं है या नाम, आयु और पते में कोई त्रुटि है तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत पंजीकरण एवं संशोधन जरूर कराएं।
डीएम ने निर्वाचन कार्यों में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि पात्र महिलाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए व्यापक जागरूकता और जनसंपर्क अभियान चलाया जाए, ताकि कोई भी पात्र महिला मतदाता पंजीकरण से वंचित न रहे। कार्यक्रम के दौरान विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत मतदाता पंजीकरण, मतदाता सूची में संशोधन और निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। महिलाओं से मतदाता जागरूकता अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की गई।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश चंद्र मौर्य, जिला पूर्ति अधिकारी राजेश कुमार सहित बड़ी संख्या में महिला मतदाता मौजूद रहीं।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

