विंध्यधामः मातृ नवमी पर सीता कुंड में महिलाओं ने किया तर्पण

WhatsApp Channel Join Now
विंध्यधामः मातृ नवमी पर सीता कुंड में महिलाओं ने किया तर्पण


मीरजापुर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। मातृ नवमी पर रविवार को अष्टभुजा पहाड़ी स्थित सीता कुंड में महिलाओं की भीड़ उमड़ी। सुबह छह बजे से ही महिलाएं स्नान के लिए पहुंचने लगीं। स्नान के बाद उन्होंने अपने दिवंगत पूर्वजों को जल अर्पित कर तर्पण किया और सौभाग्य सामग्री का दान किया। पितृपक्ष में मातृ नवमी तिथि का विशेष महत्व माना जाता है।

मान्यता है कि मातृ नवमी पर दिवंगत माताओं और अन्य स्त्री पूर्वजों का श्राद्ध-तर्पण किया जाता है। इस दिन सुहागिन महिलाओं को भोजन कराने और सौभाग्य सामग्री दान करने की भी परंपरा है। जिन लोगों को पितरों की निर्धारित तिथि ज्ञात नहीं होती, वे भी परंपरा के अनुसार मातृ नवमी पर श्राद्ध-तर्पण करते हैं।

सीता कुंड और रामगया घाट पर मातृ नवमी के दिन तर्पण और पिंडदान किए जाने की परंपरा है। श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद पूर्वजों को याद कर विधि-विधान से तर्पण किया। इस दौरान महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों के साथ पुलिस जवान भी तैनात रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story