फोन पर बातचीत के कुछ घण्टे बाद विवाहिता की मौत, ससुरालीजन शव छोड़ फरार

WhatsApp Channel Join Now
फोन पर बातचीत के कुछ घण्टे बाद विवाहिता की मौत, ससुरालीजन शव छोड़ फरार


फर्रुखाबाद, 21 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र स्थित गांव जानकीपुर में मंगलवार को 26 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। विवाहिता का शव घर की छत पर टीन शेड के नीचे दुपट्टे के सहारे लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मायके पक्ष ने ससुरालियों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव जानकीपुर निवासी यशवीर राजपूत की शादी करीब सात वर्ष पूर्व जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव चुरसई निवासी अहवरन सिंह की पुत्री दुर्गा देवी (26) से हुई थी। यशवीर दिल्ली में एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। मृतका के भाई रक्षपाल ने बताया कि सोमवार शाम को दुर्गा ने फोन पर अपने साथ मारपीट होने की जानकारी दी थी। मंगलवार सुबह करीब सात बजे भी बहन ने फोन कर फिर से प्रताड़ित किए जाने की बात कही। इसके कुछ घंटे बाद यशवीर ने फोन कर बताया कि दुर्गा की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही मायके पक्ष मौके पर पहुंचा। परिजनों का आरोप है कि जब वे जानकीपुर पहुंचे तो दुर्गा का शव चारपाई पर पड़ा मिला। उनका कहना है कि ससुराल पक्ष ने पुलिस को सूचना दिए बिना शव को नीचे उतार दिया और बाद में मौके से चले गए। वहीं ससुराल पक्ष का कहना है कि ग्राम प्रधान की मौजूदगी में शव नीचे उतारा गया। घटना की सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक जगराम सिंह, हेड कांस्टेबल नंदलाल ने हंगामा कर रही भीड़ को नियंत्रित किया।

थानाध्यक्ष राजीव कुमार का कहना है कि मृतका के पिता अहवरन सिंह ने थाने पहुंचकर ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मृतक दुर्गा देवी अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story