संतानहीनता से दुखी महिला ने की आत्महत्या

WhatsApp Channel Join Now
संतानहीनता से दुखी महिला ने की आत्महत्या


लखनऊ, 15 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के निगोहा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। खुदकुशी का कारण यह सामने आया है कि शादी के सात साल बीत जाने के बाद भी महिला निःसंतान थी। इस गहरे सदमे में आकर उसने यह कदम उठा लिया। बुधवार सुबह घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

थानाध्यक्ष अनुज तिवारी ने बताया कि बुधवार को ग्राम प्रधान से सूचना मिली कि ग्राम नन्दौली में रहने वाले सूरज रावत की पत्नी रूबी (25) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर तत्काल थाना स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पति ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 5-6 वर्ष पूर्व हुई थी। शादी के बाद से वह उसे कोई संतान नहीं हुई। इस बात से वह पिछले कई दिनों से सदमें में चल रही थी। मंगलवार शाम को वह शादी कार्यक्रम में लकड़ी काटने के लिए ग्राम जमौलिया गया था। देर रात जब वह घर पहुंचा तो उसने पत्नी का शव घर के बरामदे में पंखे से लटका हुआ देखा। घटना की जानकारी पर सभी परिजन एकत्र हो गये।

थाना प्रभारी ने बताया कि विवाह की अवधि 07 वर्ष से कम होने के कारण मजिस्ट्रेट द्वारा पंचायतनामा की कार्यवाही कराई गई है। मृतका के मायके पक्ष के परिजन भी उपस्थित हैं। किसी भी पक्ष से तहरीर प्राप्त होने पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Share this story