नहर पटरी पर वृद्ध महिला का शव मिला

WhatsApp Channel Join Now
नहर पटरी पर वृद्ध महिला का शव मिला


मीरजापुर, 07 अगस्त (हि.स.)।

उत्तर प्रदेश में मीरजापुर के हलिया थाना क्षेत्र के उमरिया-पिपरा गांव में शुक्रवार सुबह बाण सागर नहर की पटरी पर एक वृद्ध महिला का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जांच-पड़ताल की।

उमरिया-पिपरा गांव निवासी 88 वर्षीय रामदेई पिछले करीब 15 दिनों से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रही थीं। परिजनों ने बताया कि वह अक्सर घर से निकलकर इधर-उधर चली जाती थीं। शुक्रवार सुबह नहर की ओर गए ग्रामीणों ने उनका शव पटरी पर पड़ा देखा और इसकी सूचना परिजनों को दी।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। उपनिरीक्षक सुरेंद्र राम ने मौके पर पहुंचकर जांच तथा परिजनों से पूछताछ की। परिजन ने लिखित रूप से शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। बताया गया कि रामदेई के पति का पहले ही निधन हो चुका है। उनके परिवार में चार पुत्र हैं। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की है। परिजनों की लिखित सहमति के आधार पर आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story