औरैया : शराब के लिए रुपये न देने पर कर दी मां की हत्या, आरोपित बेटा गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
औरैया : शराब के लिए रुपये न देने पर कर दी मां की हत्या, आरोपित बेटा गिरफ्तार


औरैया, 04 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सदर कोतवाली पुलिस ने 70 वर्षीय वृद्ध महिला की हत्या के मामले में वांछित आरोपित बेटे को रविवार गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि 26 सितंबर को ग्राम मलकपुर में 70 वर्षीय महिला देवी का शव मिला था। वह अपने छोटे बेटे वीर सिंह के मकान में अकेली रहती थीं। महिला के सिर से खून बह रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर फोरेंसिक टीम से साक्ष्य संकलन कराया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। मृतका के बेटे वीर सिंह की तहरीर पर बड़े भाई बलवान और एक अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई थी।

पुलिस टीम ने रविवार सुबह करीब 8:15 बजे आरोपित बेटे बलवान को चिरहूली पुल के नीचे से मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपित बलवान ने पुलिस को बताया कि वह शराब पीने का आदी है और उसका परिजनों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। उसने अपने हिस्से की जमीन पहले ही बेच दी थी। 26 सितंबर को शराब के नशे में वह अपनी मां से दोबारा शराब पीने के लिए रुपये मांगने पहुंचा था। रुपये देने से मना करने पर गुस्से में उसने मां के साथ मारपीट की और उन्हें जमीन पर कई बार पटक दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद वह भाग गया था।

गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ पुलिस ने अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक मो. शकील खां और हमराह पुलिसकर्मी शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story