बाइक की टक्कर से महिला की मौत, मौके पर बाइक छोड़कर भागा चालक

WhatsApp Channel Join Now
बाइक की टक्कर से महिला की मौत, मौके पर बाइक छोड़कर भागा चालक


- घर के पास सड़क किनारे खड़ी थी महिला, हादसे में तीन बच्चों के सिर से उठा मां का साया

मीरजापुर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। चील्ह थाना क्षेत्र के मीरजापुर-औराई मार्ग पर चेकसारी गांव के पास बुधवार को बाइक की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक सवार मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

चेकसारी गांव निवासी 35 वर्षीय वंदना विश्वकर्मा पत्नी बेचनराम विश्वकर्मा अपने घर के पास सड़क किनारे खड़ी थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वंदना गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद चालक मौके से भाग निकला। घटनास्थल पर एक बाइक पड़ी मिली।

परिजन एंबुलेंस की मदद से घायल वंदना को ट्रॉमा सेंटर मीरजापुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के दो बेटे और एक बेटी हैं। मां की मौत से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

चील्ह थानाध्यक्ष भरत उपाध्याय ने बताया कि मृतका के पति बेचनराम विश्वकर्मा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौके पर मिली बाइक की जांच की जा रही है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764546 Articles

Share this story