शास्त्री सेतु से गंगा में कूदी युवती, नाविकों और एसडीआरएफ ने बचाया
मीरजापुर, 23 सितंबर (हि.स.)। कटरा कोतवाली क्षेत्र में बुधवार शाम शास्त्री सेतु से गंगा नदी में कूदी 18 वर्षीय युवती को नाविकों और एसडीआरएफ की टीम ने सकुशल बाहर निकाल लिया। युवती ने पूछताछ में गृह कलह से परेशान होने की बात बताई। प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस ने परिजन को बुलाकर युवती को उनके सुपुर्द कर दिया।
बुधवार शाम करीब छह बजे कटरा क्षेत्र की रहने वाली युवती शास्त्री सेतु पर पहुंची। कुछ देर बाद वह गंगा में कूद गई। युवती को नदी में गिरते देख राहगीरों ने शोर मचाया। घाट पर मौजूद नाविकों की नजर उस पर पड़ी तो वे नाव लेकर उसे बचाने के लिए नदी में उतर गए।
इसी दौरान सूचना मिलने पर ओझला मेले की सुरक्षा में तैनात एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई। नाविकों और एसडीआरएफ जवानों ने संयुक्त प्रयास से युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना की जानकारी मिलने पर शास्त्री ब्रिज पुलिस भी मौके पर पहुंची।
कटरा कोतवाल नीरज पाठक ने बताया कि युवती को सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार कराया गया। पूछताछ में उसने गृह कलह से परेशान होने की बात बताई है। परिजनों को बुलाकर युवती को उनके सुपुर्द कर दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

