शास्त्री पुल से गंगा में कूदी महिला 12 घंटे बाद चुनार में सकुशल मिली
- दवा के लिए रुपये मांगने पर पति से विवाद के बाद उठाया कदम, मछुआरों ने नदी से निकालकर कराया उपचार
मीरजापुर, 16 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में कटरा कोतवाली क्षेत्र के शास्त्री पुल से मंगलवार शाम गंगा में छलांग लगाने वाली महिला करीब 12 घंटे बाद बुधवार सुबह चुनार के पास नदी में सकुशल मिल गई। गंगा में मछली पकड़ रहे मछुआरों ने उसे बहते हुए देखा और बाहर निकालकर उपचार कराया। महिला के सुरक्षित मिलने की जानकारी पर परिजनों ने राहत की सांस ली।
कटरा कोतवाली क्षेत्र के छोटी बसही निवासी सुनीता साहनी (38) ने पुलिस को बताया कि उसका पति गुजरात के जामनगर में रहता है। मंगलवार शाम करीब चार बजे मोबाइल पर बातचीत के दौरान उसने दवा के लिए रुपये भेजने को कहा था। महिला के अनुसार, पति ने रुपये भेजने से इनकार करते हुए कथित तौर पर उससे कहा कि उसका उससे कोई मतलब नहीं है और वह जाकर मर जाए।
पति की बात से क्षुब्ध होकर सुनीता घर से निकल गई और करीब शाम पांच बजे शास्त्री पुल से गंगा में छलांग लगा दी। घटना की जानकारी के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। बुधवार सुबह करीब पांच बजे चुनार क्षेत्र में गंगा में मछली पकड़ रहे गणेश साहनी, रामबाबू साहनी और रंजीत साहनी की नजर नदी में बह रही महिला पर पड़ी। तीनों ने उसे बाहर निकाला और अपने घर ले जाकर चिकित्सक बुलाकर प्राथमिक उपचार कराया।
सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और महिला का बयान दर्ज किया। इसके बाद उसे मायके से पहुंची मां सावित्री देवी और चचेरे भाई राजन के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

