नवविवाहिता ने फांसी लगा दी जान, पति मुंबई में करता है नौकरी

WhatsApp Channel Join Now
नवविवाहिता ने फांसी लगा दी जान, पति मुंबई में करता है नौकरी


मीरजापुर, 18 जुलाई (हि.स.)। जिगना थाना क्षेत्र के कोठरां मिश्रान गांव में शनिवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में एक नवविवाहिता का शव घर के कमरे में पंखे से साड़ी के फंदे के सहारे लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।

जानकारी के अनुसार कोठरां मिश्रान निवासी सूर्यलाल निषाद की शादी इसी वर्ष 12 मई को देवरी बरहां गांव निवासी 21 वर्षीय शिवानी के साथ हुई थी। परिजन के मुताबिक विवाह के लगभग 15 दिन बाद ही सूर्यलाल रोजी-रोटी के सिलसिले में मुंबई चला गया था। घर में मृतका अपने जेठ और जेठानी के साथ रहती थी। उसके सास-ससुर का पहले ही निधन हो चुका है।

शनिवार शाम करीब चार बजे शिवानी का शव कमरे में फंदे से लटकता मिला। घटना की जानकारी मिलते ही जिगना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। पुलिस ने घटना की सूचना मृतका के पति को भी दे दी है।

घटना की जानकारी मिलने पर मृतका की मां श्यामदेई अपने परिजन के साथ गांव पहुंचीं। उन्होंने बेटी की मौत पर गहरा दुख जताते हुए शव का पोस्टमार्टम कराने और ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसके बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया।

थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि नवविवाहिता के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पति को घटना की सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story