चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में गिरी महिला, आरपीएफ ने बचाई जान

WhatsApp Channel Join Now
चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में गिरी महिला, आरपीएफ ने बचाई जान


मीरजापुर, 07 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर रेलवे स्टेशन पर रविवार को एक पल की लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती थी, लेकिन रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी जवानों की तत्परता से एक महिला की जान बच गई। चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में महिला फिसलकर गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। मैसूर से दरभंगा जा रही 12578 बागमती एक्सप्रेस अपने निर्धारित ठहराव के दौरान मीरजापुर रेलवे स्टेशन पर रुकी थी। इसी दौरान एस-5 कोच में सफर कर रहीं बिहार के दरभंगा जिले की निवासी 45 वर्षीय जसीमा खातून ट्रेन से उतरकर पानी लेने चली गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब तक महिला वापस प्लेटफॉर्म पर पहुंचीं, ट्रेन ने गति पकड़नी शुरू कर दी थी। जल्दबाजी में उन्होंने कोच में चढ़ने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने से उनका पैर फिसल गया और वह प्लेटफॉर्म पर गिर पड़ीं। घटना से स्टेशन पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। मौके पर ड्यूटी कर रहे आरपीएफ और जीआरपी जवानों ने बिना देर किए महिला को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए रेलवे अस्पताल भेजा गया। हादसे में महिला के सिर, हाथ और पैर में चोटें आई हैं।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि समय रहते सुरक्षा कर्मियों की सक्रियता से बड़ा हादसा टल गया। महिला का उपचार कराया गया और उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। इस घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन के चलने के बाद चढ़ने या उतरने का जोखिम न उठाएं। थोड़ी सी असावधानी जानलेवा साबित हो सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story