मवेशियों को चारा डालने निकली महिला की धान के खेत में डूबकर मौत

WhatsApp Channel Join Now
मवेशियों को चारा डालने निकली महिला की धान के खेत में डूबकर मौत


मीरजापुर, 12 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र में बुधवार को मवेशियों को चारा डालने जा रही महिला अचानक पैर फिसलने से धान के खेत में गिर गई और उसकी मौत हो गई। खेत में घुटने भर पानी होने के कारण परिजनों ने पानी में डूबने से मौत की आशंका जताई है।

पटेहरा गांव निवासी निशा देवी (40) पत्नी स्वर्गीय सुरेश प्रजापति घर से करीब सौ मीटर दूर बांधे गए मवेशियों को चारा-भूसा डालने जा रही थीं। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह धान के खेत में गिर पड़ीं। खेत में पानी भरा होने के कारण वह मुंह के बल पानी में गिर गईं।

घटना की जानकारी होने पर परिजन मौके पर पहुंचे और महिला को आनन-फानन में बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

मृतका के जेठ पंचम प्रजापति की तहरीर पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। निशा के एक पुत्र और चार पुत्रियां हैं। बताया गया कि उनके पति की करीब आठ वर्ष पहले मौत हो चुकी थी।

थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि महिला की धान के खेत में गिरने से मौत हुई है। परिजनों की तहरीर पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story