विषाक्त पदार्थ का सेवन करने के बाद महिला की मौत

WhatsApp Channel Join Now
विषाक्त पदार्थ का सेवन करने के बाद महिला की मौत


मीरजापुर, 06 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मीरजापुर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र स्थित दरवान गांव में एक महिला की विषाक्त पदार्थ सेवन करने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना अंतिम संस्कार कर दिया।

दरवान गांव निवासी 36 वर्षीय संजू देवी शुक्रवार शाम घर का भोजन तैयार कर पति और बच्चों को खाना खिलाने के बाद अपने दैनिक कार्यों में जुटी थीं। इसी दौरान उन्होंने घर में रखा कोई विषाक्त पदार्थ सेवन कर लिया। कुछ समय बाद उनकी तबीयत बिगड़ी, जिस पर परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ ले गए।

चिकित्सकों ने महिला की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल सोनभद्र रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शनिवार सुबह परिजन शव लेकर गांव पहुंचे और बिना पुलिस को सूचना दिए अंतिम संस्कार कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, महिला पारिवारिक विवाद से मानसिक रूप से परेशान थी। हालांकि विषाक्त पदार्थ सेवन करने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। संजू देवी अपने पीछे तीन पुत्रियों और एक पुत्र को छोड़ गई हैं। उनकी बड़ी पुत्री का विवाह हो चुका है। परिवार के भरण-पोषण में वह अपने पति के साथ मेहनत-मजदूरी कर सहयोग करती थीं। महिला की मौत से परिवार में शोक का माहौल है।

इस संबंध में राजगढ़ थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि मामले की कोई सूचना पुलिस को नहीं दी गई है। यदि शिकायत या सूचना प्राप्त होती है तो आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।-------------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story