सर्पदंश से युवती की मौत, कमरे में छिपा मिला करैत सांप
- झाड़-फूंक के बाद बिगड़ी हालत, अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम
मीरजापुर, 16 सितंबर (हि.स.)। राजगढ़ थाना क्षेत्र के भावा डढ़िया गांव में बुधवार को सर्पदंश से 18 वर्षीय युवती की मौत हो गई। परिजन के अनुसार, युवती को रात में सांप ने काट लिया था। हालत बिगड़ने पर उसे पहले झाड़-फूंक के लिए ले जाया गया। बाद में अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद कमरे की तलाशी लेने पर वहां करैत सांप छिपा मिला, जिसे परिजन ने मार दिया। पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
गांव निवासी राजाराम आदिवासी की पुत्री शालू मंगलवार रात भोजन करने के बाद कमरे में चौकी पर सोई थी। आधी रात के बाद उसके हाथ में सांप ने डस लिया। युवती ने परिजन को इसकी जानकारी दी। सुबह हालत बिगड़ने पर परिजन उसे पहले झाड़-फूंक कराने ले गए। सुधार न होने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
शव घर पहुंचने के बाद परिजनों ने कमरे में सामान हटाकर खोजबीन की तो करैत सांप छिपा मिला। ग्रामीणों का कहना है कि समय पर इलाज मिलने के बजाय झाड़-फूंक में समय बीतने से युवती की हालत गंभीर हो गई। राजगढ़ थाना प्रभारी बालमुकुंद मिश्र ने घटना की जानकारी होने से अनभिज्ञता जताई है।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

