कुएं में गिरने से विवाहिता की मौत, हत्या का आरोप
मीरजापुर, 09 जुलाई (हि.स.)। ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के मड़वा धनावल गांव में गुरुवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में कुएं में गिरने से एक विवाहिता की मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि मड़वा धनावल गांव निवासी वीरेंद्र पाल की 25 वर्षीय पत्नी अर्चना देवी सुबह करीब सात बजे घर के सामने स्थित कुएं पर पानी भरने गई थीं। इसी दौरान वह लगभग 30 फीट गहरे कुएं में गिर गईं। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलने पर प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की भाभी के पिता अशोक पाल ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पति, सास और दोनों देवर दहेज की मांग को लेकर अर्चना देवी को प्रताड़ित करते थे। आराेप है कि उनकी हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया गया। जबकि मृतका के पति का कहना है कि पानी भरते समय पैर फिसलने से उनकी पत्नी कुएं में गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया कुएं में गिरने से मृत्यु की सूचना है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्राप्त तहरीर के आधार पर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

