छत से गिरकर महिला की मौत

WhatsApp Channel Join Now
छत से गिरकर महिला की मौत


मीरजापुर, 18 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में राजगढ़ थाना क्षेत्र स्थित गढ़वा गांव में शुक्रवार देर रात छत से गिरने से एक महिला की मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शनिवार सुबह अंतिम संस्कार कर दिया।

गांव निवासी ब्रह्मकेश ने बताया कि गर्मी के चलते परिवार के सभी लोग छत पर सो रहे थे। मकान की छत पर रेलिंग नहीं लगी है। रात करीब 1:30 बजे उनकी पत्नी 40 वर्षीय सुनीता देवी अचानक छत से नीचे गिर गईं। तेज आवाज सुनकर परिजनों की नींद खुली तो देखा कि वह छत पर नहीं थीं। नीचे देखने पर वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ी मिलीं।

परिजन उन्हें तत्काल एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल सोनभद्र रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई।

इस संबंध में थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि मामले की कोई सूचना पुलिस को नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story