मीरजापुर में धान की रोपाई पर जा रही वृद्धा की करंट लगने से मौत, परिवार में मचा कोहराम

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुर में धान की रोपाई पर जा रही वृद्धा की करंट लगने से मौत, परिवार में मचा कोहराम


- नहर किनारे बिछे बिजली के कटे तार की चपेट में आई महिला, पुलिस ने शुरू की जांच

मीरजापुर, 03 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के हलिया थाना क्षेत्र के गजरिया गांव में सोमवार सुबह करंट की चपेट में आने से धान की रोपाई के लिए जा रही एक वृद्ध महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

गजरिया गांव निवासी 65 वर्षीय बैजंती कोल सुबह खेत में धान की रोपाई करने जा रही थीं। इसी दौरान बाणसागर नहर के पास टुल्लू पंप चलाने के लिए बिछाए गए बिजली के तार के कटे हुए हिस्से में करंट प्रवाहित हाे रहा था और महिला चपेट में आ गयीं। करंट लगते ही वह मौके पर गिर पड़ीं और घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पीआरवी-112 और स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि बैजंती कोल के पति शिवनाथ का पहले ही निधन हो चुका है। वह अपने पीछे तीन पुत्रों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला की मौत करंट लगने से हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story