घास काटते समय सांप ने महिला को डसा, मौत

WhatsApp Channel Join Now
घास काटते समय सांप ने महिला को डसा, मौत


मीरजापुर, 10 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में लालगंज थाना क्षेत्र के बरौंधा चौकी अंतर्गत दिघुली गांव में गुरुवार को खेत की मेड़ पर घास काट रही महिला को विषैले सर्प ने डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे झाड़-फूंक और फिर दवा के लिए ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

दिघुली गांव निवासी सुरेश गुप्ता की पत्नी दुर्गावती (35) गुरुवार सुबह करीब 10 बजे धान के खेत की मेड़ पर घास काट रही थीं। इसी दौरान घास में छिपे सर्प ने उन्हें डस लिया। महिला ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। आनन-फानन में परिजन उन्हें लेकर झाड़-फूंक कराने और दवा दिलाने के लिए निकले, लेकिन रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया।

मृतक दुर्गावती की मौत से उनके 12 वर्षीय पुत्री काजल और नौ वर्षीय पुत्र आर्यन के सिर से मां का साया उठ गया। मां की मौत से दोनों बच्चों का रो-रोकर बेहाल है। वहीं परिवार में मातम पसरा हुआ है।

बरौंधा चौकी प्रभारी नरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि सर्पदंश से महिला की मौत की सूचना मिली है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story