पैर फिसलकर गिरने से महिला की मौत
मीरजापुर, 23 सितंबर (हि.स.)। हलिया थाना क्षेत्र के केड़वर गांव में मंगलवार रात छुट्टा पशुओं को भगाने गई महिला पैर फिसलने से गिर गई। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। परिजन उसे पटेहरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन पुलिस को सूचना दिए बिना शव घर ले आए और अंतिम संस्कार कर दिया।
केड़वर गांव निवासी सरस्वती (52) के घर के पास मंगलवार रात छुट्टा पशु घूम रहे थे। उन्हें भगाने के लिए सरस्वती घर से बाहर निकली थीं। इसी दौरान पत्थर पर पैर फिसलने से वह गिर गईं। गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट लग गई।
परिजन उन्हें निजी साधन से पटेहरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां चिकित्सक डॉ. राजकुमार ने जांच के बाद सरस्वती को मृत घोषित कर दिया। परिजन शव लेकर घर लौट आए और पुलिस को सूचना दिए बिना अंतिम संस्कार कर दिया।
सरस्वती के पति राज नारायण राजगीर मिस्त्री हैं। चिकित्सक डॉ. राजकुमार ने बताया कि गिरने से महिला के सिर में गंभीर चोट लगी थी, जिसके कारण उसकी मौत हुई।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

