पुलिस हिरासत में पति के दाैरान प्रसव के बाद महिला की मौत, परिजनों ने किया हंगामा

WhatsApp Channel Join Now
पुलिस हिरासत में पति के दाैरान प्रसव के बाद महिला की मौत, परिजनों ने किया हंगामा


फिरोजाबाद, 14 सितंबर (हि.स.)। थाना शिकोहाबाद क्षेत्र के गांव लाभोआ में परचून की दुकान में हुई चोरी के मामले में पूछताछ के लिए थाने लाये गए युवक की गर्भवती पत्नी की डिलीवरी के बाद हालत बिगड़ने से मौत हो गई। परिजनों ने थाने पहुंचकर पुलिस पर आरोप लगाए है। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया।

थाना शिकोहाबाद क्षेत्र के गांव लाभोआ में दो दिन पहले परचून की दुकान में चोरी की घटना हुई थी। आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में पूछताछ के लिए रविवार रात गांव के गौरव समेत दो लोगों को हिरासत में लिया था। परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान गौरव की गर्भवती पत्नी अंजली की हालत बिगड़ गई। स्वजन उसे प्रसव के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय लेकर पहुंचे। सोमवार को अंजली ने बच्चे को जन्म दिया। प्रसव के बाद उसकी हालत अचानक बिगड़ गई। चिकित्सकों ने उपचार किया, लेकिन उसकी मृत्यु हो गई। अंजली की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने अंजली की मृत्यु के लिए पुलिस की कार्रवाई को जिम्मेदार ठहराते हुए आरोप लगाया है। परिजनों का आरोप है पुलिस ने चोरी के मामले में गौरव को जबरन पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। घटना से नाराज स्वजन थाने पहुंचे और पुलिस के सामने अपनी आपत्ति जताई। परिजनों ने थाने पर तहरीर दी है। सूचना पर एसपी देहात अनुज चौधरी सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझा बुझाकर शांत किया। पुलिस ने परिजनों को मामले की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

अपर पुलिस अधीक्षक देहात अनुज चौधरी का कहना है कि चोरी की घटना की जांच के दौरान पूछताछ के लिए दो लोगों को थाने लाया गया था। जिसमें महिला का पति गौरव भी शामिल था। महिला ने बच्चे को जन्म दिया है, इसके बाद उसकी मौत हुई है। उन्होंने परिजनों के आरोपों को निराधार बताया है। एएसपी का कहना है कि महिला की मृत्यु के संबंध में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

Share this story