औरैया में रजबहा में मिले महिला के शव की मां ने की शिनाख्त, कई दिनों से लापता थी बेटी
औरैया, 28 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में फफूंद थाना क्षेत्र के गांव अमेला के पास रजबहा में शनिवार शाम मिले अज्ञात महिला के शव की पहचान का दावा सामने आया है। मंगलवार को मैनपुरी निवासी एक महिला ने फफूंद थाने पहुंचकर शव को अपनी लापता पुत्री सोनी के रूप में पहचानने का दावा करते हुए पुलिस को प्रार्थना पत्र सौंपा।
महिला ने पुलिस को बताया कि उनकी पुत्री 25 जुलाई से लापता थी। रजबहा में मिले शव की जानकारी मिलने पर उन्होंने थाने पहुंचकर शव की शिनाख्त अपनी बेटी के रूप में की और मामले में आवश्यक कार्रवाई की मांग की। फफूंद थाना पुलिस ने प्रार्थना पत्र प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि परिजनों द्वारा किए गए पहचान के दावे सहित सभी तथ्यों का सत्यापन कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

