विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला
मीरजापुर, 12 अगस्त (हि.स.)। राजगढ़ थाना क्षेत्र के दरवान गांव में मंगलवार की देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में 30 वर्षीय विवाहिता का शव घर के अंदर फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दरवान गांव निवासी सुरेश सिंह की शादी करीब सात वर्ष पहले सीता देवी से हुई थी। सुरेश के अनुसार मंगलवार देर शाम परिवार के अन्य सदस्य खेत की ओर गए थे। सीता घर में अकेली थी। कुछ देर बाद सुरेश जब घर लौटे तो सीता दिखाई नहीं दी। उन्होंने आसपास या किसी परिचित के घर जाने की बात सोचकर इंतजार किया।
काफी देर तक सीता के वापस नहीं आने पर सुरेश ने घर के अंदर उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान उनकी नजर घर की बड़ेर के सहारे साड़ी के फंदे से लटके सीता के शव पर पड़ी। यह दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। परिजनों ने शव को फंदे से नीचे उतारा और आसपास के लोगों को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर राजगढ़ पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी बाल मुकुंद मिश्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया फांसी लगाने से महिला की मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
----------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

