वाराणसी: पत्नी की हत्या में हत्यारा पति गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी, 28 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद की लोहता पुलिस ने मंगलवार को क्षेत्र में एक ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझा ली है।पुलिस ने महिला की हत्या में उसके पति काे गिरफ्तार कर लिया। हत्या की वजह घरेलू कलह निकली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

लोहता थानाध्यक्ष दिगम्बर उपाध्याय ने बताया कि महिला नर्गिस परवीन की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसके पति सोहैल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित सोहैल ने पुलिस को गुमराह करने के लिए पहले भेलूपुर थाना में पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

पुलिस ने तमाम साक्ष्य के आधार पर आराेपित पति काे गिरफ्तार किया ताे उसने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया। उसने पुलिस काे बताया कि बीते सोमवार को उसने साजिश के तहत नर्गिस को घर बुलाया। दिनभर उसे घुमाने-फिराने के बाद देर रात वह उसे हरपालपुर गांव स्थित वैष्णो पुरम कॉलोनी में ले गया। वहां ईंट से सिर कूचकर उसकी हत्या कर दी और शव हरपालपुर स्थित एक खेत में फेंककर फरार हो गया।

मौके से मिले आधार कार्ड से मृतका की पहचान होने के बाद एसीपी रोहनिया संजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में लोहता पुलिस व क्राइम टीम ने पूरे घटनाक्रम की छानबीन कर कड़ियां जोड़ीं। इसके बाद सर्विलांस की मदद से पुलिस ने आरोपित पति को दबोच लिया। पूछताछ में सोहैल ने घरेलू कलह में हत्या की बात कबूल कर ली है। मृतका के पिता गुलाम ने आरोपित बेटी के पति सोहेल, उसकी मां और पिता के खिलाफ नामजद तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story